Araria News:- सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 56वीं वाहिनी ने नेपाल से भारत लाई जा रही भारी मात्रा में तस्करी की खेप पकड़ी है। बीती रात एसएसबी की विशेष नाका टीम ने बाबुआन गांव के पास छापेमारी कर 180 किलो गांजा जब्त किया।
जानकारी के अनुसार, बाबुआन गांव भारत-नेपाल सीमा स्तंभ संख्या 191/4 से करीब डेढ़ किलोमीटर भारत की ओर स्थित है। यहीं पर तस्करी कर नेपाल से लाया जा रहा गांजा एसएसबी को मिला। टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए पूरे गांजे को कब्जे में लिया।
एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि यह खेप भारत के अलग-अलग हिस्सों में खपाने की योजना थी। जब्त गांजा को आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद घुरना थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
सीमा क्षेत्र में लगातार हो रही नशे की तस्करी को देखते हुए एसएसबी ने गश्त और छापेमारी को और कड़ा कर दिया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी रोकने के लिए कड़ी निगरानी जारी रहेगी।


