Patna News:- बिहार की सियासत में एक बार फिर जाति आधारित बयानबाज़ी को लेकर बवाल खड़ा हो गया है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के मीनापुर से विधायक राजीव कुमार उर्फ मुन्ना यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे सवर्ण समुदाय को लेकर विवादित टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में मुन्ना यादव कहते हैं, “मिश्रा, सिंह, झा और शर्मा का कोई गुजारा नहीं है, अब सत्ता की गद्दी पर सिर्फ बहुजन बैठेगा।” इस बयान को विपक्ष ने सवर्णों के प्रति आपत्तिजनक और विभाजनकारी करार दिया है। बयान के दौरान उनके हाव-भाव और भाषा से साफ प्रतीत होता है कि वे सवर्ण समुदाय को निशाने पर ले रहे थे।
विधायक मुन्ना यादव राजद के कद्दावर नेता माने जाते हैं और मीनापुर विधानसभा सीट से दो बार जीत हासिल कर चुके हैं। पहली बार वे वर्ष 2015 में 80,790 वोट पाकर विधायक बने थे। इससे पहले 2010 के चुनाव में वे महज 6 वोटों से हार गए थे। 2020 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने दोबारा जीत दर्ज की।
मुन्ना यादव का विवादों से पुराना नाता रहा है। 2010 में आचार संहिता उल्लंघन का मामला उन पर दर्ज हुआ था, जिसकी सुनवाई हाल ही में 17 जुलाई को हुई। इसके अलावा रमजान के महीने में उनका एक और बयान चर्चा में रहा था, जब उन्होंने खुद को मुस्लिम हितैषी दिखाते हुए कहा था कि लोग उन्हें “मोहम्मद मुन्ना” कहकर बुलाते हैं।
विधायक के ताजा बयान ने राजद के ए-टू-जेड सामाजिक समीकरण पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिसे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव मजबूती से आगे बढ़ा रहे हैं। पार्टी अब इस बयान को लेकर सफाई देगी या दूरी बनाएगी, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।


