Jharkhand News : झारखंड की राजधानी रांची के बुंडू थाना क्षेत्र से एक ऐसा सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। अवैध प्रेम संबंध में बाधा बन रहे पति की हत्या के लिए एक महिला ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर ऐसी खौफनाक साजिश रची, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। हत्या के बाद आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए शव को जलाया और कटे हुए सिर को करीब 10 किलोमीटर दूर जंगल में गाड़ दिया। घटना के 17 दिन बाद पुलिस ने वैज्ञानिक जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा करते हुए पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, 19 जून को बुंडू थाना क्षेत्र के सुमंडीह महादेव टांड़ के पास झाड़ियों में एक अधजला और सिरविहीन शव बरामद हुआ था। शव की पहचान करना मुश्किल था, लेकिन मृतक की कलाई पर गुदे ‘संजय पाल’ नाम ने पुलिस को अहम सुराग दिया। इसके बाद रांची पुलिस ने एफएसएल और तकनीकी जांच की मदद से मृतक की पहचान तमाड़ निवासी संजय लोहरा के रूप में की।
जांच में सामने आया कि संजय लोहरा की पत्नी का नीचे टोला निवासी एक युवक के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था। इस रिश्ते का संजय लगातार विरोध कर रहा था, जिससे घर में अक्सर विवाद होता था। इसी विवाद से छुटकारा पाने के लिए पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रच डाली।
18 जून को महिला ने संजय को सोनाहातू में एक शादी समारोह में चलने के लिए तैयार किया। दोनों बाइक से वहां पहुंचे और लौटते समय पत्नी ने शौच का बहाना बनाकर बाइक रुकवाई। पहले से घात लगाए बैठे प्रेमी और उसके दो साथियों ने संजय पर लाठियों से हमला कर उसे बेहोश कर दिया। इसके बाद उसे कार में बैठाकर महादेव टांड़ ले जाया गया, जहां धारदार हथियार से उसका गला रेतकर सिर धड़ से अलग कर दिया गया।
हत्या के बाद आरोपियों ने शव के धड़ को आग के हवाले कर दिया, ताकि पहचान न हो सके। वहीं, कटे हुए सिर को कार से करीब 10 किलोमीटर दूर सुंदरडीह रानी वन क्षेत्र में ले जाकर जमीन में दफना दिया गया। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे।
डीएसपी ओम प्रकाश ने मंगलवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कार और जंगल में दफनाया गया सिर भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस फरार दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।


