Ranchi News: राजधानी रांची के सैटेलाइट चौक के पास बुधवार को एचईसी की जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासन की टीम को बस्तीवासियों के विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई रोकने की कोशिश के दौरान स्थिति बिगड़ गई और पुलिस तथा प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई। प्रदर्शनकारियों की ओर से पथराव किए जाने के बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया। घटना में कुछ प्रदर्शनकारी और पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके से छह से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर सुबह से ही सैटेलाइट चौक के पास पुलिस बल की तैनाती कर दी गई थी। प्रशासनिक अधिकारियों की टीम बस्तीवासियों से बातचीत कर कार्रवाई में सहयोग करने की अपील कर रही थी। इसी दौरान बड़ी संख्या में लोग जेसीबी के सामने बैठ गए और मशीनों को आगे बढ़ने से रोकने लगे। कुछ प्रदर्शनकारी जेसीबी पर भी चढ़ गए।
पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को जेसीबी से नीचे उतारने और मौके से हटाने की कोशिश की। इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई। कुछ ही देर में प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिस पर पथराव शुरू हो गया। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने भीड़ को पीछे हटाने के लिए लाठीचार्ज किया और स्थिति को नियंत्रित किया।
हटिया के डीएसपी नीरज ने बताया कि अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला किया गया। पथराव में कई पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज किया। उन्होंने बताया कि मामले में छह से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस घटनास्थल पर मौजूद लोगों की भूमिका की जांच कर रही है और पथराव व पुलिसकर्मियों से मारपीट करने वालों की पहचान की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार्रवाई शुरू होने से पहले ही बड़ी संख्या में बस्तीवासी मौके पर पहुंच गए थे। लोगों ने जेसीबी के सामने बैठकर विरोध जताया। बस्तीवासियों का कहना है कि वे लंबे समय से यहां रह रहे हैं। अचानक घर हटाए जाने से उनके सामने रहने का संकट खड़ा हो जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से अतिक्रमण हटाने से पहले वैकल्पिक आवास या पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग की। उनका कहना है कि बस्ती में छोटे बच्चे और बुजुर्ग भी रहते हैं। बिना वैकल्पिक व्यवस्था के घर हटाए जाने पर परिवारों के सामने गंभीर समस्या पैदा होगी।
कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि पहले बस्ती नहीं तोड़े जाने की बात कही गई थी, लेकिन बाद में दोबारा जेसीबी लाकर कार्रवाई शुरू कर दी गई। इसी के विरोध में लोगों ने मशीनों को घेर लिया।
प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई जिला प्रशासन के आदेश के तहत की जा रही है। एचईसी की जमीन पर अतिक्रमण की श्रेणी में आने वाले निर्माणों को आदेश के अनुसार हटाया जाएगा। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।


