Ramgarh News: जिले में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सात परिवारों की खुशियां छीन लीं। रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग (एनएच-23) पर बारलोंग के समीप तेज रफ्तार कोयला लदे ट्रक और सवारी वाहन की भीषण टक्कर में बैंड-ताशा पार्टी के सात सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, बलसगरा के दो लोग और मरांगमरचा गांव के छह बैंड-ताशा कलाकार एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सवारी वाहन से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रामगढ़ की ओर से तेज गति से आ रहे कोयला लदे ट्रक ने ओवरटेक करने के प्रयास में वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टक्कर इतनी भीषण थी कि सवारी वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, रजरप्पा थाना पुलिस और आसपास के थानों की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सात लोगों को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि एक घायल की हालत बेहद गंभीर होने के कारण उसे रिम्स, रांची भेजा गया है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में रखा गया है।
बैंड-ताशा पार्टी से जुड़े पिंटू ने बताया कि वाहन में कुल आठ लोग सवार थे, जिनमें दो बलसगरा और छह मरांगमरचा गांव के निवासी थे। पुलिस सभी मृतकों की औपचारिक पहचान की प्रक्रिया पूरी कर रही है।
रामगढ़ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) आलोक रंजन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रक के रॉन्ग साइड में आकर सवारी वाहन को टक्कर मारने की बात सामने आई है। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच जारी है।
हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों ने एनएच-23 को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क चौड़ीकरण, डिवाइडर निर्माण, स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी कैमरे और स्थायी सड़क सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है और प्रशासन ग्रामीणों से वार्ता कर स्थिति सामान्य करने का प्रयास कर रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


