Patna News:- भारतीय राष्ट्रीय विकासशील समावेशी गठबंधन (आई.एन.डी.आई.ए.) की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ का आज पटना में भव्य समापन हो रहा है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सोमवार को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर यात्रा की शुरुआत की। इसके बाद वे महागठबंधन के तमाम वरिष्ठ नेताओं के साथ आंबेडकर चौक की ओर प्रस्थान कर गए।
सुबह पटना एयरपोर्ट पर राहुल गांधी का पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत और पार्टी के कई अन्य दिग्गज नेता भी मौजूद रहे।
यात्रा के अंतिम दिन गांधी मैदान से मार्च की शुरुआत हो चुकी है। राहुल गांधी की इच्छा है कि मार्च का समापन आंबेडकर पार्क स्थित बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हो। हालांकि, प्रशासन ने वहां तक जाने की अनुमति नहीं दी है। प्रशासन का कहना है कि उच्च न्यायालय के आदेशानुसार मार्च केवल डाकबंगला चौराहा तक ही संभव है।
इसके बावजूद कांग्रेस और महागठबंधन आंबेडकर पार्क तक मार्च निकालने को लेकर अडिग हैं। कांग्रेस और राजद कार्यकर्ताओं ने गांधी मैदान से आंबेडकर पार्क तक होर्डिंग और बैनर पहले ही लगा दिए हैं। महागठबंधन की ओर से राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की सभा की भी तैयारी की गई है।
प्रशासन की ओर से किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गई है। तीन दिन पहले कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच टकराव को देखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। गांधी मैदान और आसपास के क्षेत्रों में ऑटो और ई-रिक्शा के परिचालन पर रोक लगा दी गई है।
आज होने वाले मार्च और संभावित सभा को लेकर पटना शहर का माहौल राजनीतिक रूप से बेहद गरम है। एक ओर कांग्रेस और महागठबंधन इसे जनता से सीधे जुड़ने का अभियान बता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर प्रशासन प्रतिबंधित क्षेत्र में मार्च को लेकर सख्त है।


