Patna News:- बिहार विधानमंडल के अंतिम दिन गुरुवार को जबरदस्त हंगामे के बीच दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू होते ही स्थगित कर दी गई। इसी बीच विधान परिषद में विपक्ष की नेता और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की जान को गंभीर खतरा है। राबड़ी देवी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि तेजस्वी यादव की हत्या की पहले भी चार बार कोशिश हो चुकी है और अब फिर से उन्हें खतरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और जदयू की साजिश के तहत तेजस्वी को निशाना बनाया जा रहा है।
राबड़ी देवी ने सरकार से तेजस्वी की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को इस मामले को गंभीरता से लेना चाहिए। तेजस्वी यादव को जान से मारने की साजिश रची जा रही है।”
पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा और जदयू पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष को कमजोर करने के लिए यह साजिश रची जा रही है। राबड़ी देवी ने कहा कि लोकतंत्र में इस तरह की राजनीति बेहद खतरनाक है और सरकार को इस मामले की उच्च स्तरीय जांच करानी चाहिए।
इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में हलचल मच गई है। तेजस्वी यादव की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। विपक्ष ने इस मुद्दे पर सरकार से तुरंत कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना होगा कि सरकार राबड़ी देवी की इस गंभीर आशंका पर क्या रुख अपनाती है और तेजस्वी यादव की सुरक्षा को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं।


