Patna News:- बिहार विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक बार फिर बिहार दौरे पर आ रहे हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने जानकारी दी कि पीएम मोदी 15 सितंबर को पूर्णिया पहुंचेंगे, जहां वे पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री सीमांचल को कई करोड़ों की विकास योजनाओं की सौगात देंगे। माना जा रहा है कि इन योजनाओं से न केवल सीमांचल के विकास को नई रफ्तार मिलेगी, बल्कि क्षेत्र में हवाई कनेक्टिविटी बढ़ने से निवेश और रोजगार के अवसर भी खुलेंगे।
भाजपा ने इस दौरे को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी कार्यकर्ता और संगठन के नेता क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान में जुट गए हैं। प्रधानमंत्री का यह सातवां बिहार दौरा है। इससे पहले वे भागलपुर, मधुबनी, सासाराम, सीवान, मोतिहारी और गया का दौरा कर चुके हैं।
हाल ही में गयाजी में पीएम मोदी ने लगभग 13 हजार करोड़ रुपये की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया था। इसी कड़ी में अब पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन होने जा रहा है, जो सीमांचल के लिए एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
पीएम मोदी का यह दौरा चुनावी नजरिए से भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि सीमांचल क्षेत्र में कई विधानसभा सीटों पर मुकाबला कड़ा है। एयरपोर्ट के शुरू होने से क्षेत्रीय व्यापार, पर्यटन और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।


