Patna News:- बिहार में नक्सल विरोधी अभियान को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। औरंगाबाद जिले में पुलिस और सुरक्षा बलों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नक्सलियों के ठिकानों से हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। औरंगाबाद पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, जिले में लगातार नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार देर रात टंडवा थाना क्षेत्र के लगड़ाही पहाड़ के पास बिहार पुलिस, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की टीम ने सर्च अभियान चलाया। अभियान के दौरान नक्सलियों के द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार और कारतूस बरामद हुए।
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि बरामद हथियारों में एक देशी मिनी कारबाइन, 11 जिंदा कारतूस, 5 खोखा, देशी बंदूक का बट, रिंग, क्लीनिंग ब्रश, पिस्तौल की डोरी, शटर बट कवर, कारतूस बेल्ट और अन्य सामान शामिल हैं। इस बरामदगी से यह स्पष्ट होता है कि नक्सली क्षेत्र में किसी बड़ी घटना की योजना बना रहे थे, लेकिन सुरक्षा बलों की सक्रियता से उनकी साजिश नाकाम हो गई।
घटना के संबंध में टंडवा थाना कांड संख्या 119/25 दर्ज की गई है। इसमें आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत प्राथमिकी भी दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से नक्सलियों का मनोबल टूट रहा है और उनकी गतिविधियों पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा रहा है।
पुलिस और सुरक्षा बलों ने स्पष्ट किया है कि नक्सलियों के खिलाफ अभियान आगे भी तेज़ी से जारी रहेगा। लगातार छापेमारी और तलाशी अभियान से नक्सली संगठन कमजोर हो रहे हैं। वहीं, प्रशासन ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि नक्सली गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।


