Bihar News: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चकिया थाना क्षेत्र के गवंदरा स्थित एक मदरसा में छापेमारी की। यह कार्रवाई एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर जिला पुलिस की टीम द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर की गई। छापेमारी के दौरान मौके से एक विदेशी पिस्टल बरामद की गई है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिला है कि मदरसा परिसर में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बनाई जा रही थी। मौके से कुछ संदिग्ध सामग्री और साजिश से जुड़े सुराग भी मिले हैं, जिनकी गहन जांच की जा रही है। इस मामले में पुलिस ने तीन संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।
कार्रवाई की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वाड की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है, ताकि किसी भी प्रकार के अतिरिक्त सबूत जुटाए जा सकें। फिलहाल मदरसा को सील कर दिया गया है और पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
उल्लेखनीय है कि चकिया थाना क्षेत्र का यह वही मदरसा है, जो पहले भी विवादों में रह चुका है। इससे पहले यहां से पीएफआई (PFI) से जुड़े एक सदस्य उस्मान उर्फ सुल्तान उर्फ याकूब को गिरफ्तार किया गया था। उस समय चकिया पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में उसे पकड़ा गया था।
जांच एजेंसी राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की जांच में सामने आया था कि याकूब पीएफआई के स्लीपर सेल के लिए काम कर रहा था और उसने संगठन के प्रशिक्षण शिविर में भी हिस्सा लिया था। इसके अलावा उसने सोशल मीडिया पर अयोध्या राम मंदिर के विरोध में विवादित पोस्ट भी किया था, जिससे मामला और गंभीर हो गया था।
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की कई एंगल से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि बरामद हथियार और संदिग्ध गतिविधियों के पीछे की सच्चाई जल्द सामने लाई जाएगी। इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन सतर्क हो गया है और इलाके में लगातार निगरानी रखी जा रही है।


