Patna News:- बिहार के जमुई जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। यह फैक्ट्री जमुई के खैरा प्रखंड के हरखार पंचायत में स्थित मुखिया मुन्ना साव के घर से संचालित हो रही थी। देर रात की गई छापेमारी में पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में निर्मित और अर्धनिर्मित हथियार, साथ ही हथियार बनाने के उपकरण जब्त किए हैं।
इस अभियान का नेतृत्व जमुई के डीएसपी सतीश सुमन ने किया। पुलिस ने एक साथ तीन अलग-अलग ठिकानों पर छापा मारा और कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में मुंगेर निवासी मो. खुर्शीद आलम, मो. जहीर, कोलकाता के बिस्मिल्लाह अली, मो. गाजी अली, और मुखिया का भतीजा धर्मवीर साव शामिल हैं।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह लंबे समय से अवैध हथियार निर्माण और तस्करी में सक्रिय था। फैक्ट्री में बने हथियारों की सप्लाई पश्चिम बंगाल तक की जाती थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और जांच तेज कर दी गई है।
मुखिया मुन्ना साव का आपराधिक इतिहास पहले से ही संदेह के घेरे में रहा है, और अब उसके घर से मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा होने से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर जमुई मुख्यालय के कल्याणपुर, रोपाबेल गांव, और गरही बाजार के निजी मकान में भी छापेमारी की, जहां से हथियार और अवैध सामग्री बरामद की गई।
यह मामला 2023 में अडसार गांव में गन फैक्ट्री के खुलासे के बाद अब एक बार फिर बड़ा झटका माना जा रहा है।


