Bhagalpur News:- भागलपुर पुलिस ने अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए लूटकांडों का खुलासा किया है। पुलिस ने दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके पास से लूट में प्रयुक्त बाइक और लूटा गया सामान बरामद कर लिया है। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान मोहम्मद शब्बीर खान और मोहम्मद जमील आलम के रूप में हुई है। मंगलवार को बाईपास थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान सिटी एसपी शुभांक मिश्रा ने पूरे मामले की जानकारी दी।
सिटी एसपी ने बताया कि बाईपास थाना क्षेत्र के सेंट टेरेसा स्कूल के पास नाथनगर निवासी पंकज कुमार से अपराधियों ने 20,000 रुपये नकद और जेवरात की लूट की थी। इसी तरह हबीबपुर थाना क्षेत्र में शाहकुंड निवासी संतोष कुमार से मोबाइल, आधार कार्ड, पैन कार्ड और 5,000 रुपये छीन लिए गए थे। वहीं कजरेली थाना क्षेत्र में अमरपुर निवासी रोशन कुमार से अपराधियों ने 40,000 रुपये नकद, मोबाइल और सोने की अंगूठी लूट ली थी।
लगातार हो रही इन वारदातों से इलाके में दहशत का माहौल था। पुलिस ने विशेष टीम बनाकर तफ्तीश शुरू की और गुप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस का कहना है कि इन अपराधियों का नेटवर्क काफी बड़ा है और इनके गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
सिटी एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है। बहुत जल्द इनके पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर शेष अपराधियों को भी पकड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि अपराध पर अंकुश लगाना पुलिस की प्राथमिकता है और शहरवासियों की सुरक्षा के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।


