Chaibasa News:- जिले की टेबो थाना पुलिस ने अवैध डोडा कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से डेढ़ लाख रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और एक बैग बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सराईकेला-खरसावां जिले के कुचई थाना क्षेत्र के जोम्बरों गांव निवासी जोहन पूर्ती और मार्टीन सोय के रूप में हुई है। थाना प्रभारी विक्रांत मुंडा ने बताया कि बुधवार को वरीय अधिकारियों के निर्देश पर थाना मुख्य गेट के सामने चाईबासा–खूंटी मुख्य सड़क पर एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बंदगांव की ओर से आ रही एक बाइक को जांच के लिए रोका गया। तलाशी में बाइक सवार युवकों के पास से डेढ़ लाख रुपये नकद मिले। जब उनसे पूछताछ की गई तो दोनों ने स्वीकार किया कि यह रकम डोडा खरीदने के लिए व्यापारी से ली गई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपित पहले भी डोडा तस्करी के मामलों में पकड़े जा चुके हैं और इनके खिलाफ खरीद-बिक्री और परिवहन से जुड़ी प्राथमिकी दर्ज है। इस बार भी पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों को हिरासत में ले लिया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का मानना है कि इनके पीछे एक बड़ा नेटवर्क सक्रिय हो सकता है, जिसे उजागर करने के लिए गहन जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई से टेबो थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है और इससे जिले में सक्रिय डोडा तस्करी नेटवर्क को कमजोर करने में मदद मिलेगी। पुलिस का कहना है कि अवैध नशे के कारोबार पर पूरी तरह से रोक लगाने के लिए आगे भी लगातार विशेष अभियान चलाए जाएंगे।


