Hazaribag News:- अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। उत्तम यादव गिरोह के चार गुर्गों को पुलिस ने उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वे हथियार से लैस होकर बिना नंबर प्लेट की कार में सवार होकर बंडासिंगा-खैरा रोड से इचाक की ओर जा रहे थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, ये चारों अपराधी इलाके के व्यापारियों से लेवी वसूलने और धमकी देने के इरादे से निकले थे। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने रास्ते में घेराबंदी कर इन सभी को धर दबोचा। तलाशी के दौरान इनके पास से अवैध हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ के दौरान यह जानकारी सामने आई कि वे उत्तम यादव गिरोह से जुड़े हैं और पूर्व में भी लेवी वसूली, मारपीट और धमकी जैसे अपराधों में लिप्त रहे हैं। इन सभी के खिलाफ पहले से विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि इनसे पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। इचाक थाना प्रभारी ने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित गश्ती और निगरानी बढ़ा दी गई है। इस कार्रवाई से आम जनता ने राहत की सांस ली है।


