रांची।
बेड़ो थाना पुलिस ने सड़क पर लूटपाट कर रहे चार अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पकड़े गए अपराधियों में रेहान अंसारी, आरिफ अंसारी, सोहेल अंसारी और अजहर अंसारी शामिल है। इनके पास से लूटे गए चार हजार रुपए नकद, एक लेडीज पर्स, एक मोबाइल, एक चाकू और एक बाइक बरामद किया गया हैं। ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया कि शुक्रवार की रात वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि बेड़ो के नरकोपी जाने वाले रास्ते में घने जंगल में मुरतो गांव के पास चार बदमाश लूटपाट कर रहे हैं। सूचना के बाद बेड़ो डीएसपी रजत मणिक बाखला के नेतृत्व में एक छापेमारी टीम का गठन किया गया।
टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर लूटपाट कर रहे बदमाशों की खोजबीन की। खोजबीन के क्रम में लूटपाट में शामिल चार बदमाशों में दो रेहान अंसारी व आरीफ अंसारी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया, जबकि दो जंगल का लाभ उठाकर भागने में सफल रहे। दोनों पकड़े गये आरोपितों से पूछताछ में अपने दोनों फरार साथियों के बारे में बताया। जिसके बाद टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार दोनों अपराधियों सोहेल अंसारी व अजहर अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी टीम में बेड़ो डीएसपी रजत मणिक बाखला, मनीष कुमार गुप्ता, शिवनाथ रंजन, जितेन्द्र कुमार यादव, आनंद तिवारी, राजेश कुमार, रति राम उरांव, अरसर आलम सहित सशस्त्र बल शामिल थे।


