Patna News:- बिहार की राजधानी पटना को जल्द ही मेट्रो सेवा की सौगात मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त को पटना मेट्रो सेवा का उद्घाटन करेंगे। इस ऐतिहासिक शुरुआत से राजधानीवासियों के लिए आवागमन पहले से ज्यादा सहज और तेज़ होगा। मेट्रो का पहला रूट मलाही पकड़ी से पाटलिपुत्र बस टर्मिनल तक तय किया गया है, जिसकी कुल लंबाई 3 किलोमीटर से अधिक है। प्रारंभिक चरण में तीन कोच की ट्रेनें चलेंगी, जिनमें लगभग 150 यात्री एक साथ सफर कर सकेंगे। भविष्य में कोच की संख्या बढ़ाकर 8 तक की जा सकती है।
फेयर फिक्सेशन कमेटी के अनुसार, मेट्रो का न्यूनतम किराया 15 रुपये और अधिकतम 60 रुपये हो सकता है। यह दरें दूरी के आधार पर तय होंगी — 3 से 6 किलोमीटर तक 30 रुपये और 6 से 8 किलोमीटर तक 45 रुपये तक अनुमानित है। दिल्ली और पुणे मेट्रो की तुलना में यह किराया लंबी दूरी के लिए किफायती माना जा रहा है।
मेट्रो सेवा सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक चालू रहेगी। ट्रायल रन सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है और अब उद्घाटन से पहले अंतिम तकनीकी और सुरक्षा निरीक्षण किए जा रहे हैं।
पटना मेट्रो परियोजना पांच चरणों में पूरी की जाएगी, और इसका संचालन पटना मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन द्वारा किया जाएगा। अनुमानित लागत 13,365.77 करोड़ रुपये है, जिसमें भूमि अधिग्रहण की लागत अलग है और वह बिहार सरकार वहन करेगी। पहले चरण में 15.36 किमी एलिवेटेड और 16.30 किमी भूमिगत ट्रैक बनाया जाएगा।
एलएंडटी को कॉरिडोर-2 के छह भूमिगत स्टेशनों के निर्माण का ठेका मिला है, जो डीएमआरसी के सहयोग से बनेंगे। अगस्त 2025 तक पहले चरण के पांच स्टेशन चालू हो जाएंगे।


