बिहार के युवा की राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी सफलता
एमएसएमई आइडिया हैकथॉन 4.0 में जमुई के छात्र ने मारी बाज़ी
Patna News: बिहार के जमुई जिले के एक होनहार छात्र ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा परचम लहराया है। सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज, जमुई के छात्र पीयूष राज ने एमएसएमई आइडिया हैकथॉन 4.0 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 15 लाख रुपये का प्रोडक्ट डेवलपमेंट ग्रांट हासिल किया है। इस उपलब्धि ने न केवल उनके कॉलेज को बल्कि पूरे जिले और राज्य को गर्व से भर दिया है।
यह प्रतियोगिता सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय (MSME) द्वारा आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर से 29 हजार से ज्यादा इनोवेटर्स ने भाग लिया था। उनमें से सिर्फ 488 प्रतिभागियों का चयन इनक्यूबेशन और वित्तीय सहायता के लिए किया गया। बिहार से चुने गए 4 इनोवेटिव आइडियाज में से पीयूष राज का विचार भी शामिल रहा, जो उनकी सोच, तकनीकी समझ और समर्पण को दर्शाता है।
अब पीयूष को MSME इनक्यूबेशन प्रोग्राम के तहत अपने आइडिया को एक संपूर्ण उत्पाद में बदलने का मौका मिलेगा। यह मंच न सिर्फ तकनीकी सहयोग देता है, बल्कि युवा इनोवेटर्स को स्टार्टअप की ओर कदम बढ़ाने का अवसर भी प्रदान करता है।इस ऐतिहासिक कामयाबी के बाद पूरे इलाके में खुशी का माहौल है। कॉलेज प्रशासन, शिक्षक और सहपाठी भी पीयूष की सफलता पर बेहद गर्वित हैं। कॉलेज के लिए यह एक सम्मान का पल है, जिससे अन्य छात्रों को भी प्रेरणा मिलेगी।
पीयूष राज की इस सफलता ने साबित कर दिया है कि बिहार के युवाओं में अपार प्रतिभा है। जरूरत है तो बस उन्हें सही मंच, मार्गदर्शन और सहयोग देने की।


