Patna News:- पटना पुलिस ने रविवार देर रात बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात अपराधी विजय सहनी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस की गोली उसके दोनों पैरों में लगी, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने सोमवार को प्रेस वार्ता कर घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विजय सहनी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था और इसके लिए उसने हथियार भी छुपा रखा था। जब पुलिस टीम हथियार बरामदगी के लिए पहुंची तो उसने अचानक पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की और दो गोलियां चलाईं, जो उसके पैरों में जा लगीं।
एसएसपी ने बताया कि मुठभेड़ में पुलिस के कुछ जवान भी हल्की चोटिल हुए हैं। फिलहाल सभी सुरक्षित हैं और अपराधी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
विजय सहनी पर हत्या, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट जैसे 20 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था और लगातार फरार चल रहा था। पूछताछ के दौरान उसने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने माना है कि इस साल हुए होटल व्यवसायी संतोष हत्याकांड में उसकी संलिप्तता थी। इसके अलावा ओडिशा और झारखंड के धनबाद में हुई बैंक डकैती में भी उसका हाथ रहा है।
एसएसपी ने बताया कि विजय सहनी पटना समेत कई जिलों में सक्रिय था और उसका आपराधिक नेटवर्क काफी फैला हुआ था। पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी और आखिरकार मुठभेड़ के बाद उसकी गिरफ्तारी संभव हो पाई।
पुलिस अब उससे जुड़े नेटवर्क और अन्य अपराधियों की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि उसकी गिरफ्तारी से अपराध पर नकेल कसने में मदद मिलेगी और कई अनसुलझे मामलों की गुत्थी भी सुलझने की संभावना है।


