–पटना से लखनऊ और न्यू जलपाईगुड़ी के लिए सीधी वंदे भारत ट्रेन
-सीएम नीतीश वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम में हुए शामिल
Patna: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को बिहार को दो नई वंदे भारत ट्रेन की सौगात दी। यह वंदे भारत ट्रेन पटना से न्यू जलपाईगुड़ी और लखनऊ के लिए सीधे चलेगी। पीएम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रेलवे से संबंधित योजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी वर्चुअल रूप से शामिल हुए।
प्रधानमंत्री ने गुजरात राज्य के अहमदाबाद से रिमोट द्वारा 85 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया। इसमें पूर्व मध्य रेल (हाजीपुर) की 13 हजार 228 करोड़ रुपये की परियोजनाएं भी शामिल हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने 10 नई वंदे भारत ट्रेनों सहित अन्य रेल सेवाओं का भी हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।
इस कार्यक्रम के तहत न्यू जलपाईगुड़ी से पटना के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत की गई। इस ट्रेन का ठहराव कटिहार में भी होगा। पटना जंक्शन से लखनऊ के गोमती नगर के लिए भी एक वंदे भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम से जुड़े लोगों को संबोधित किया। इससे पहले दानापुर मंडल के एडीआरएम (इंफ्रा) अनुपम कुमार चंदन ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमारका स्वागत किया।
वंदे भारत एक्सप्रेस के किशनगंज पहुंचने पर जोरदार स्वागत
सीमांचल के लोगों को राजधानी पटना आने-जाने में आसानी होगी। न्यू जलपाईगुड़ी से किशनगंज, कटिहार होकर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर मंगलवार को रवाना किया। इस ट्रेन के किशनगंज पहुंचने पर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसका जोरदार स्वागत किया।
पटना के लिए यह ट्रेन न्यू जलपाईगुड़ी से सुबह छह बजे खुलेगी, जो किशनगंज और कटिहार में ठहराव के बाद दोपहर एक बजे पटना पहुंचेगी। एनजेपी से पटना तक के सफर में मात्र सात घंटे लगेंगे। पटना की ओर जाने वाली यह ट्रेन किशनगंज में सुबह सात बजे तो कटिहार में सुबह साढ़े आठ बजे पहुंचेगी। वापसी में पटना से यह दोपहर तीन बजे प्रस्थान करेगी जो कटिहार शाम साढ़े सात बजे तो किशनगंज रात 08 बजकर 50 मिनट पर पहुंचेगी और अपने गंतव्य एनजेपी रात 10 बजे पहुंच जाएगी। मिली जानकारी के मुताबिक इस ट्रेन का परिचालन सप्ताह में छह दिन होगा। मंगलवार को यह ट्रेन नहीं चलेगी।

