Patna News: पटना मेट्रो का पहला ट्रायल बुधवार काे सफलतापूर्वक पूरा किया गया। इस ट्रायल के दौरान मेट्रो को डिपो के अंदर बनाए गए 800 मीटर लंबे ट्रैक पर ट्रेन को दौड़ाया गया, ताकि सभी तकनीकी और सुरक्षा मानकों की गहन जांच की जा सके। ट्रायल के दौरान मेट्रो की तकनीकी और सुरक्षा प्रणालियों की पूरी जांच की गई। विशेषज्ञों की टीम ने ट्रेन की स्पीड, ब्रेकिंग सिस्टम, पावर सप्लाई और सुरक्षा उपकरणों का निरीक्षण किया।
डिपो के अंदर शुरुआती ट्रायल के बाद अब पटना मेट्रो को आईएसबीटी से भूतनाथ स्टेशन तक के लंबे ट्रैक पर दौड़ाया जाएगा। यह ट्रायल एक हफ्ते तक चलेगा। इस दौरान मेट्रो की स्पीड, ब्रेकिंग सिस्टम, पावर सप्लाई और सभी सुरक्षा उपकरणों की बारीकी से जांच की जाएगी। इस दौरान विशेषज्ञों की एक टीम हर पहलू पर नजर रखेगी ताकि अगर कोई भी तकनीकी कमी सामने आती है तो उसे तुरंत ठीक किया जा सके।
इस ट्रायल रन के मौके पर राज्य के नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री जीवेश मिश्रा भी माैजूद रहे। उन्हाेंने मेट्राे ट्रेन के अंदर की सारी व्यवस्थाओं काे देखा और अधिकारियाें से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि यह पटना के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। इसके साथ ही पटना के लोगों का इंतजार अब खत्म होने के समय में कमी आ गयी है। यह मेट्रो परियोजना न सिर्फ पटना में परिवहन को सुगम बनाएगी, बल्कि राज्य के विकास में भी एक मील का पत्थर साबित होगी।
मेट्रो डिपो से स्टेशन तक में सुरक्षा, सुविधाएं और आधुनिक बुनियादी ढांचे की मंत्री ने की समीक्षा
नगर विकास एवं आवास मंत्री जीवेश कुमार ने बुधवार को पटना मेट्रो परियोजना के दो प्रमुख स्थलों मेट्रो डिपो और जीरो माइल मेट्रो स्टेशन का दौरा कर कार्य प्रगति का जायजा लिया। मेट्रो डिपो में मंत्री जीवेश कुमार ने आधुनिक रौलिंग स्टॉक (मेट्रो ट्रेनों) का निरीक्षण किया और उनके संचालन एवं रख-रखाव के लिए निर्मित विशेष सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
जीरो माइल मेट्रो स्टेशन पर उन्होंने यात्री केंद्रित डिज़ाइन की भी समीक्षा की। जिसमें यात्रियों के लिए सुरक्षा प्रणालियों, सुविधाएं और सुगम एवं आरामदायक यात्रा के लिए आधुनिक बुनियादी ढांचा भी शामिल है।
इस दौरान नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव और पटना मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (पीएमआरसीएल) के प्रबंध निदेशक अभय कुमार सिंह ने मंत्री जीवेश कुमार को अबतक की प्रगति और आगामी परिचालन के विभिन्न चरणों की तैयारियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। नगर विकास मंत्री का यह निरीक्षण इस विश्वास को पुष्ट करता है कि पटना मेट्रो शहर को सुरक्षित, विश्वसनीय और आधुनिक परिवहन सेवाएं प्रदान करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही है।


