Bihar News : बिहार सरकार ने राजधानी पटना के शहरी विकास को नई गति देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार से रिमोट के माध्यम से नगर विकास एवं आवास विभाग की 286 करोड़ रुपये की लागत वाली 157 महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इन योजनाओं में 239 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई 114 परियोजनाओं का उद्घाटन तथा 47 करोड़ रुपये की 43 नई योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बिहार के शहरों को आधुनिक, स्वच्छ, सुव्यवस्थित और विश्वस्तरीय बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के संकल्प को पूरा करने के लिए शहरी विकास के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने पटना को देश के सबसे प्राचीन और ऐतिहासिक शहरों में से एक बताते हुए कहा कि इसकी विरासत को सुरक्षित रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। शहर के सौंदर्यीकरण, आधारभूत संरचना के विस्तार और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वाकांक्षी परियोजनाएं शुरू की गई हैं।
उन्होंने बताया कि अमृत 2.0 योजना के तहत 11.44 करोड़ रुपये की लागत से ‘वेस्ट टू वंडर’ थीम पर आधारित लोकनायक जयप्रकाश नारायण पार्क का निर्माण किया जाएगा। इस पार्क में जयप्रकाश नारायण के जीवन और योगदान को भी प्रदर्शित किया जाएगा। यह परियोजना पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ लोगों में जागरूकता बढ़ाने का कार्य करेगी।
सम्राट चौधरी ने कहा कि शहर को कचरा मुक्त बनाने के लिए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। वहीं नमामि गंगे परियोजना के तहत अधिक से अधिक घरों को सीवरेज नेटवर्क से जोड़ने का काम तेजी से जारी है, जिससे गंगा की स्वच्छता और शहरी सफाई व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
पटना स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत रिवर फ्रंट डेवलपमेंट, जेपी गंगा पथ, पार्किंग, ग्रीन एरिया, उद्यान और वॉकिंग पाथ जैसी कई परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया गया। इसके अलावा रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए 50 आधुनिक दुकानों का शिलान्यास और 200 प्रीफैब्रिकेटेड दुकानों का उद्घाटन किया गया।
मुख्यमंत्री ने भविष्य की महत्वाकांक्षी योजना ‘पाटलिपुत्र’ सैटेलाइट टाउनशिप का भी उल्लेख किया। लगभग 66 हजार एकड़ क्षेत्र में प्रस्तावित इस टाउनशिप में अंतरराष्ट्रीय स्तर की आवासीय, शैक्षणिक, स्वास्थ्य और व्यावसायिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इन योजनाओं से पटना आधुनिक और स्मार्ट शहर के रूप में नई पहचान स्थापित करेगा।


