Palamu News: झारखंड के पलामू जिले में करमा पूजा के विसर्जन के दौरान बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। चैनपुर थाना क्षेत्र के दुल्ही गांव के पास कोयल नदी में करमा डाली विसर्जित करने पहुंचे पांच युवक डूब गए। हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक अब भी लापता है। लापता युवक की तलाश के लिए स्थानीय लोग और पुलिस नदी में खोजबीन कर रहे हैं।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर चैनपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से नदी में तलाश अभियान चलाया गया और चार युवकों को बाहर निकाला गया। परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए एमएमसीएच लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान पतरिया गांव निवासी नीतीश कुमार सिंह (18), पिता बाबूलाल सिंह, अमित कुमार ठाकुर (22), पिता पुरानी ठाकुर, राजा सिंह (12), पिता संजय सिंह और विशाल पासवान (16), पिता तिलकधारी पासवान के रूप में हुई है। वहीं, सुनील सिंह का आठ वर्षीय पुत्र हेमंत कुमार सिंह लापता बताया जा रहा है।
करमा विसर्जन के बाद नदी में नहाने लगे युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार सुबह करीब छह बजे पतरिया गांव के लोग करमा पूजा के बाद विसर्जन के लिए दुल्ही गांव स्थित कोयल नदी के तट पर पहुंचे थे। यह स्थान उनके गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर है। विसर्जन के बाद नीतीश, अमित, राजा, विशाल और हेमंत समेत कुछ युवक नदी में नहाने लगे।
इसी दौरान अचानक पांचों युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। युवकों को डूबता देखकर आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने नदी में उतरकर बचाव अभियान शुरू किया। काफी प्रयास के बाद चार युवकों को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी हालत गंभीर हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद डालटनगंज विधायक आलोक कुमार चौरसिया और पलामू सांसद के जिला प्रतिनिधि विजय ओझा भी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। उन्होंने हादसे की जानकारी ली और मृतकों के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। हादसे के बाद पतरिया गांव में मातम पसरा हुआ है।
वहीं, पाटन थाना क्षेत्र के नानी झरिया में भी करम डाली बहाने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां 15 वर्षीय सिंपी कुमारी, पिता दिलीप पासवान, नदी में डूब गई। हादसे में उसकी भी मौत हो गई। करमा विसर्जन के दौरान हुई इन दोनों घटनाओं में कुल छह लोगों की मौत से पलामू में शोक की लहर है। घटना ने एक बार फिर नदी में विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और सावधानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।


