Patna News:- बिहार के कैमूर जिले से सोमवार को एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। मोहनिया थाना क्षेत्र के दनियालपुर कुरुई गांव में खेत में काम कर रही महिलाओं पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। इस हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। मृतकों की पहचान कुमारी देवी (पति मनोज राम), प्रेमशिला देवी (पति मदन राम) और मांग्री देवी (पति अशोक राम) के रूप में हुई है। वहीं मीरा देवी (पति रोहित राम), जानकी देवी (पति हरिश्चंद्र), कुंती देवी (पति श्रीराम) और गीता देवी (पति मदन राम) गंभीर रूप से घायल हो गईं। सभी महिलाएं एक ही गांव की बताई जा रही हैं।
ग्रामीणों ने हादसे के तुरंत बाद घायलों को मोहनिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है और उनकी लगातार निगरानी की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला पार्षद गीता पासी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने कहा कि आकाशीय बिजली गिरने से तीन महिलाओं की मौत बेहद दुखद है और यह उनके परिवारों के लिए बड़ी त्रासदी है। उन्होंने सरकार से मांग की कि पीड़ित परिवारों को आपदा राहत राशि और उचित मुआवजा जल्द से जल्द उपलब्ध कराया जाए।
मोहनिया थाना प्रभारी ने पुष्टि की कि हादसे में तीन महिलाओं की मौत और पांच घायल हुई हैं। मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेजा गया है। वहीं अंचलाधिकारी ने भी पीड़ित परिवारों को हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
इस घटना ने एक बार फिर बिहार में ग्रामीण क्षेत्रों में आकाशीय बिजली से हो रहे लगातार हादसों पर चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि खेतों में काम करने वाले लोगों को बारिश और बादल-तड़ित के समय सावधानी बरतनी चाहिए।


