Palamu News:- पलामू जिले से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से लाई गई करीब एक करोड़ रुपये मूल्य की हथिनी चोरी हो गई। हथिनी के साथ उसका महावत भी फरार है। घटना की शिकायत दर्ज कर पुलिस और वन विभाग ने जांच शुरू कर दी है। राहत की बात यह है कि हथिनी में चिप लगी हुई है, जिसके आधार पर उसके लोकेशन का पता लगाया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक मिर्जापुर विंध्याचल के निवासी नरेंद्र कुमार शुक्ला ने मेदिनीनगर सदर थाना में मामला दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि उन्हें जयमति नामक हथिनी जिम्मेनामा पर संगम लाल नामक व्यक्ति से मिली थी। गांव में खाने-पीने की सही व्यवस्था नहीं होने के कारण वह हथिनी को लेकर झारखंड के पलामू पहुंचे थे।
नरेंद्र ने हथिनी की देखरेख की जिम्मेदारी मिर्जापुर के मुन्ना पांडेय और चुनार निवासी मुन्ना पाठक को दी थी। दोनों की जान-पहचान एक अन्य हाथी मालिक ताड़केश्वर नाथ से हो गई। बताया जाता है कि इन्हीं के साथ मिलकर वे लोग हथिनी को पलामू के जोरकट इलाके तक लेकर आए।
नरेंद्र शुक्ला ने पुलिस को बताया कि वह 11 अगस्त को हथिनी को पलामू लेकर आए थे। यहां उन्होंने हथिनी को महावत के हवाले किया। लेकिन जब 13 अगस्त को वह दोबारा जोरकट पहुंचे तो देखा कि न तो हथिनी थी और न ही महावत। इसके बाद उन्होंने हथिनी की काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अंततः एक माह बाद उन्होंने मेदिनीनगर सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई।
सदर थाना प्रभारी लालजी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। हथिनी की कीमत लगभग एक करोड़ रुपये बताई गई है। वन विभाग को भी इसकी जानकारी दी गई है। हथिनी में लगे चिप के आधार पर उसके लोकेशन का पता लगाया जा रहा है।
इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। लोग यह जानकर हैरान हैं कि इतनी बड़ी और मूल्यवान हथिनी चोरी हो सकती है। अब देखना होगा कि पुलिस और वन विभाग मिलकर कब तक हथिनी को बरामद कर पाते हैं।


