Patna News:- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को सिवान जिले के पचरुखी प्रखंड अंतर्गत पपौर गांव में कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम किया। यह कार्यक्रम डीवीएम ग्लोबल स्कूल परिसर में आयोजित हुआ। इस दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की ओर से किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी और विपक्ष पर करारा हमला बोला।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि पहले की सरकारों ने राज्य के विकास के लिए कोई काम नहीं किया था। हालात बहुत खराब थे। उन्होंने कहा कि कुछ दिनों तक राजद और कांग्रेस के साथ सरकार चलाई, लेकिन जब वे गड़बड़ करने लगे तो हम अलग हो गए। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि भाजपा और जदयू का रिश्ता पुराना है और हम मिलकर बिहार व देश के विकास के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 2005 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनने के बाद से ही बिहार में कानून का राज कायम हुआ और सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास हुआ। शिक्षा और स्वास्थ्य को हमेशा प्राथमिकता दी गई। सात निश्चय योजना के तहत हर घर तक बिजली, नल का जल, शौचालय और सड़क की सुविधा पहुंचाई गई।
नीतीश कुमार ने कहा कि 2020 में युवाओं को 10 लाख नौकरी और 10 लाख रोजगार देने का लक्ष्य तय किया गया था। अब तक 10 लाख युवाओं को नौकरी और 39 लाख को रोजगार मिल चुका है। चुनाव से पहले ही 50 लाख से अधिक अवसर उपलब्ध करा दिए जाएंगे। आने वाले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी/रोजगार देने का लक्ष्य तय किया गया है।
महिलाओं के लिए शुरू की गई मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत हर घर की एक महिला को 10 हजार रुपये रोजगार शुरू करने के लिए दिए जाएंगे। सफल होने पर 2 लाख रुपये तक अतिरिक्त सहायता भी मिलेगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार बिहार को हर स्तर पर सहयोग दे रही है। हाल के केंद्रीय बजटों में सड़क, स्वास्थ्य, उद्योग, पर्यटन और बाढ़ नियंत्रण के लिए विशेष राशि दी गई है। साथ ही मखाना बोर्ड, एयरपोर्ट और पश्चिमी कोसी नहर जैसी परियोजनाओं की घोषणा भी हुई है।
नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में हाल ही में आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स राज्य के लिए गर्व की बात है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।


