Patna News:- बिहार सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत वृद्धजन, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों को दी जाने वाली मासिक पेंशन राशि में बड़ी बढ़ोतरी की है। अब इन सभी श्रेणियों के लाभार्थियों को हर महीने 400 रुपये की जगह 1100 रुपये की पेंशन दी जाएगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को सोशल मीडिया के माध्यम से यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह नई पेंशन राशि जुलाई महीने से लागू होगी और प्रत्येक लाभार्थी के खाते में महीने की 10 तारीख तक भेज दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना का लाभ वर्तमान में 1 करोड़ 9 लाख 69 हजार 255 लोगों को मिल रहा है, जिनमें वृद्धजन, विधवा महिलाएं और दिव्यांगजन शामिल हैं। उन्होंने कहा कि वृद्धजन समाज का अहम हिस्सा हैं और उनके सम्मानजनक जीवन यापन के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार का यह निर्णय सामाजिक सुरक्षा को और मजबूत करेगा।
वर्ष 2022-23 के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में 60 से 79 वर्ष की उम्र के लोगों को 400 रुपये और 80 वर्ष से ऊपर के लोगों को 500 रुपये की पेंशन दी जाती थी। यह राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में ट्रांसफर की जाती थी। लेकिन अब एक समान दर पर सभी पात्र लोगों को 1100 रुपये मिलेंगे।
उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने भी इस फैसले की सराहना करते हुए कहा कि इससे करोड़ों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और यह राज्य सरकार की जनकल्याणकारी सोच को दर्शाता है।
यह फैसला विधानसभा चुनाव से पहले राज्य सरकार का एक बड़ा जनहितकारी कदम माना जा रहा है, जिससे गरीब और जरूरतमंद तबकों को आर्थिक सहारा मिलेगा।


