Jharkhand News: पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा में वर्ष 2024 में हुए विस्फोट मामले की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने गुरुवार तड़के कोडरमा में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो विस्फोटक विक्रेताओं को गिरफ्तार किया। एनआईए की टीम ने सुबह करीब 4 बजे कोडरमा और डोमचांच में एक साथ छापेमारी कर विस्फोटक कारोबारी शंकर यादव और महेश कुमार मेहता को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, टीम ने कोडरमा के बतडीहा निवासी शंकर यादव के घर से 16 लाख रुपये नकद और 22 जमीन के दस्तावेज जब्त किए हैं। एनआईए इन दस्तावेजों की जांच कर रही है। इसके अलावा नवलशाही थाना क्षेत्र के नवादा स्थित विस्फोटक मैगजीन में भी तलाशी अभियान चलाया गया। जिसके बाद मैगजीन को सील कर दिया गया है।
बांकुड़ा विस्फोट से जुड़ा है मामला
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि वर्ष 2024 में शंकर यादव की फर्म मां दुर्गा इंटरप्राइजेज से धनबाद की एक खदान के लिए वैध कागजात के साथ विस्फोटकों की आपूर्ति की गई थी। आरोप है कि इसी खेप में से कुछ विस्फोटकों को अवैध रूप से मोटरसाइकिल के जरिए पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा ले जाया जा रहा था। रास्ते में बाइक के इंजन की गर्मी के कारण विस्फोट हो गया, जिसमें चालक जयदेव मंडल की मौत हो गई थी।इस घटना के बाद बांकुड़ा थाने में 8 अक्टूबर 2024 को मामला दर्ज किया गया। बाद में जांच एनआईए को सौंपी गई। जांच के दौरान एजेंसी को विस्फोटकों की सप्लाई का तार कोडरमा से जुड़ा मिला। इसी आधार पर एनआईए ने कोडरमा में छापेमारी कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया। कोडरमा के पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने पुष्टि की कि एनआईए की टीम जिले में कार्रवाई कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।


