Motihari News: जिले के पीपराकोठी थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी की सालगिरह के दिन ही एक नवविवाहिता का शव उसके कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। मृतका की पहचान 23 वर्षीय सविता देवी के रूप में हुई है, जो सूरज कुमार की पत्नी थी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, सविता की शादी 5 मई 2023 को हुई थी। मंगलवार को उनकी शादी की पहली सालगिरह थी। बताया जा रहा है कि सविता अपने पति के साथ इस खास दिन को रात में मनाना चाहती थी, लेकिन पति ने अपने काम का हवाला देते हुए दिन में ही सालगिरह मनाने की बात कही। सूरज कुमार पेशे से वीडियोग्राफर है और उसे उसी दिन एक शादी समारोह में काम के लिए जाना था।
इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। बताया जाता है कि इस बात से नाराज होकर सविता अपने कमरे में चली गई, जबकि पति काम के लिए बाहर निकल गया। वहीं घर की अन्य महिलाएं भी पास के एक शादी समारोह में चली गईं।
बुधवार की सुबह जब देर तक सविता कमरे से बाहर नहीं निकली तो परिजनों को शक हुआ। जब दरवाजा नहीं खुला तो लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां सविता का शव फंदे से लटका मिला। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, लेकिन मृतका के मायके पक्ष ने इसे हत्या करार दिया है। मृतका के पिता गुप्ता दास, जो घोड़ासाहन थाना क्षेत्र के जगीरहा बिजबनी गांव के निवासी हैं, ने स्थानीय थाने में लिखित आवेदन देकर पति, ससुर समेत सात लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और उसी के चलते उसकी हत्या कर दी गई। थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है।


