Bihar News : नवादा: बिहार के नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र के महसई मोहल्ले में गुरुवार देर रात मारपीट और कथित फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। आरोप है कि एक युवक को पुलिस का मुखबिर बताकर कुछ दबंगों ने बेरहमी से पीट दिया। जब परिजन घटना का विरोध करने और आरोपियों से जवाब मांगने पहुंचे तो उन पर फायरिंग कर दी गई। इस घटना में युवक के चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि पुलिस ने अभी तक गोली लगने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार महसई मोहल्ला निवासी रौशन कुमार के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की, जिसमें उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन आरोपी मोहित साव के घर पहुंचे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि विवाद के दौरान मोहित साव ने रौशन के चाचा संजीत कुमार पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद परिजनों ने घायल संजीत कुमार को रजौली अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया।
इधर, पुलिस और चिकित्सकों का कहना है कि फिलहाल गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर सूरज कुमार ने बताया कि एक्स-रे और अन्य जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि घायल के शरीर में गोली लगी है या नहीं। वहीं रजौली के एसडीपीओ गुलशन कुमार ने भी कहा कि मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
पीड़ित परिवार ने इस घटना के पीछे शराब माफिया का हाथ होने का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि रौशन कुमार कथित तौर पर शराब तस्करों की गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाता था। इसी वजह से उसे निशाना बनाया गया और बाद में विरोध करने पहुंचे परिजनों पर हमला किया गया। परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही रजौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी एसआई अजय कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।
फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखने की अपील की है।


