Bhagalpur News: जिले के नवगछिया पुलिस जिला मुख्यालय में शनिवार सुबह एक दुखद घटना सामने आई। पुलिस केंद्र स्थित सरकारी क्वार्टर में अवर निरीक्षक (दारोगा) योगेश कुमार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
हाल ही में मिली थी पदोन्नति
योगेश कुमार लंबे समय से नवगछिया के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा के रीडर (अपराध शाखा) के रूप में कार्यरत थे। पुलिस विभाग में उन्हें कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में जाना जाता था। खास बात यह है कि 16 अक्टूबर को ही उन्हें सहायक अवर निरीक्षक (ASI) से अवर निरीक्षक (SI) के पद पर पदोन्नति मिली थी।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने एक विशेष कार्यक्रम में उनके कंधे पर डबल स्टार लगाकर उन्हें सम्मानित किया था। पदोन्नति के कुछ ही दिनों बाद उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर से पुलिस अधिकारियों और जवानों में शोक का माहौल है।
परिवार के इकलौते बेटे थे योगेश
योगेश कुमार मूल रूप से बांका जिले के बौंसी प्रखंड के बाराहाट थाना क्षेत्र स्थित तप्पाड़ीह गांव के रहने वाले थे। वह अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे और उनकी आठ बहनें हैं। इसी वर्ष 1 जुलाई 2026 को उनका विवाह लखीसराय निवासी गुड़िया कुमारी से हुआ था। उनकी पत्नी पटना सचिवालय में कार्यरत हैं।
बताया गया है कि योगेश कुमार का कुछ समय पहले भागलपुर जिला बल में तबादला हो गया था, लेकिन नवगछिया से उन्हें अभी विरमित नहीं किया गया था। इस कारण वह पुलिस केंद्र स्थित सरकारी क्वार्टर में रह रहे थे। घटना के समय वह क्वार्टर में अकेले थे।
FSL टीम जुटाएगी साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने के बाद नवगछिया के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की। जांच के लिए भागलपुर से फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी बुलाया गया है।
प्रारंभिक तौर पर मामला आत्मह*त्या का प्रतीत होने की बात कही जा रही है, लेकिन मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।


