Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची में बांग्लादेशी लड़कियों को कथित तौर पर देह व्यापार में धकेलने से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने माइकल जोसफ तिर्की और उनकी पत्नी मोना तिर्की के नाम पर खरीदी गई करीब 3.60 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति जब्त कर ली है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, जब्त जमीन और मकान का बाजार मूल्य पांच करोड़ रुपये से अधिक आंका गया है।
ईडी की जांच में आरोप सामने आया है कि दंपती बांग्लादेश से लड़कियों को भारत लाकर कथित तौर पर देह व्यापार में शामिल करने वाले नेटवर्क से जुड़े थे। एजेंसी के मुताबिक, इस काम के बदले उन्हें पैसे मिलते थे, जिनसे उन्होंने संपत्तियां खरीदी थीं।

2024 में दर्ज हुई थी जांच रिपोर्ट
ईडी ने वर्ष 2024 में बांग्लादेशी लड़कियों को कोलकाता से रांची लाने से जुड़े मामले में एंफोर्समेंट केस इंफॉर्मेशन रिपोर्ट (ईसीआईआर) दर्ज की थी। यह कार्रवाई बरियातू थाने में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर शुरू की गई थी।
प्राथमिकी के अनुसार, निपाह अख्तर खुशी नाम की बांग्लादेशी युवती को भारत में रोजगार दिलाने का झांसा देकर लाया गया था। आरोप है कि 31 मई 2024 की आधी रात को मनीषा ने झूमा नाम की महिला की मदद से उसे जंगल के रास्ते सीमा पार कराई और फिर कोलकाता पहुंचाया गया।
रांची के रिसॉर्ट और अपार्टमेंट में रखा गया
जांच में सामने आए आरोपों के मुताबिक, रांची लाने के बाद युवती को बाली रिसॉर्ट में दो दिनों तक रखा गया। इसके बाद उसे एक अपार्टमेंट में ले जाया गया, जहां परवीन और झूमा नाम की दो अन्य बांग्लादेशी युवतियां पहले से मौजूद थीं। तीन जून 2024 को मौका मिलने पर निपाह वहां से निकलकर पुलिस के पास पहुंची। उसकी शिकायत के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की और मामले की जांच शुरू की।
बंगाल में छापेमारी, कई गिरफ्तारियां
ईसीआईआर दर्ज करने के बाद ईडी ने मामले की जांच तेज करते हुए पश्चिम बंगाल के कई ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान बांग्लादेशी नागरिक रॉनी मंडल और संदीप चौधरी के अलावा भारतीय नागरिक पिंटू हलधर और पिंकी बासू मुखर्जी को गिरफ्तार किया गया था।
अवैध कमाई से संपत्ति खरीदने का आरोप
ईडी के अनुसार, जांच के दौरान माइकल जोसफ तिर्की और उनकी पत्नी मोना तिर्की की भूमिका सामने आई। आरोप है कि वे लड़कियों के ठहरने और अन्य व्यवस्थाओं में मदद करते थे और इसके बदले रकम प्राप्त करते थे। एजेंसी ने कथित अवैध कमाई से खरीदी गई जमीन और मकान को जब्त किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।


