Bihar News : नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव में रविवार को हुई दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एक ही परिवार के चार सदस्यों द्वारा आत्मघाती कदम उठाए जाने की खबर से गांव में मातम पसरा हुआ है। इस घटना में पिता, पुत्र और बहू की मौत हो गई, जबकि परिवार का एक अन्य सदस्य अस्पताल में भर्ती है और उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार मृतकों में 65 वर्षीय दिलेन्द्र तांती, उनके 40 वर्षीय पुत्र रंजीत तांती तथा 30 वर्षीय बहू गोरी देवी शामिल हैं। वहीं परिवार के सदस्य पुरुषोत्तम तांती को गंभीर अवस्था में एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि रविवार सुबह सबसे पहले पुरुषोत्तम तांती ने फांसी लगाने का प्रयास किया। हालांकि आसपास के लोगों और ग्रामीणों की सतर्कता से उन्हें समय रहते बचा लिया गया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद परिवार में हालात और बिगड़ गए। रंजीत तांती और उनकी पत्नी गोरी देवी ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। दोनों की हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान पहले गोरी देवी और बाद में रंजीत तांती की मौत हो गई।
इधर, परिवार के मुखिया दिलेन्द्र तांती ने भी अपने घर में फंदे से लटककर जान दे दी। एक ही दिन में परिवार के तीन सदस्यों की मौत से पूरे गांव में शोक और सन्नाटा छा गया है। स्थानीय लोग घटना को लेकर स्तब्ध हैं।
घटना के संबंध में एक महत्वपूर्ण जानकारी परिवार के चार वर्षीय बच्चे प्रिंस ने दी। बच्चे के अनुसार उसके माता-पिता बाजार से जहरीली दवा लेकर आए थे। उसने बताया कि उसे भी वह दवा देने की कोशिश की गई थी, लेकिन उसने उसे नहीं खाया और फेंक दिया। बच्चे के इस बयान के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
हिलसा डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद और ससुर-बहू के कथित संबंधों के उजागर होने की बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस अभी किसी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल इस दुखद घटना ने पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया है। पुलिस साक्ष्य जुटाने और परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ कर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।


