Araria News:- जिले के जोकीहाट थाना क्षेत्र के गोगरा चौक पर सोमवार को ऑटो किराया विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। ऑटो चालक मरगुफ ने यात्री सुभान को चाकू मारकर घायल कर दिया। बाद में उसने खुद ही घायल यात्री को अपने ऑटो से सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सुभान को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे और आरोपी चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। जोकीहाट थाना पुलिस ने मरगुफ को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतक के भाई सिकंदर के अनुसार, कुछ दिन पहले सुभान ने मरगुफ के ऑटो से यात्रा की थी। पैसे न होने पर उसने 200 रुपये किराया चुकाने के बदले मोबाइल फोन गिरवी रख दिया था। बाद में वह किराया चुकाकर मोबाइल वापस लेना चाहता था, लेकिन मरगुफ ने इसके बदले 5,000 रुपये की मांग कर दी। इसी को लेकर दोनों में विवाद गहराया और झगड़े के दौरान मरगुफ ने चाकू मार दिया।
चालक मरगुफ ने आरोप से इंकार किया है। उसका कहना है कि सुभान नशे का आदी था और बार-बार विवाद करता था। उसने बताया कि झगड़े के दौरान धक्का-मुक्की में सुभान गिर पड़ा और शराब की बोतल टूटकर उसकी गर्दन में लग गई, जिससे वह घायल हुआ।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा ने बताया कि मरगुफ को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जांच चल रही है। पुलिस के अनुसार, मृतक और आरोपी दोनों का आपराधिक इतिहास रहा है और पूर्व में जेल भी जा चुके हैं।


