Patna News:- बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में रविवार को बड़ा हादसा हुआ, जहां नहाने के दौरान पांच बच्चों की डूबने से मौत हो गई। यह घटना कटरा प्रखंड के खंगुराडीह गांव और बंधपुरा पंचायत की सीमा पर गोरधुवा पुल के नजदीक स्थित एक चौर में हुई। पुलिस के अनुसार, सभी बच्चे नहाने के लिए चौर में उतरे थे। नहाने के दौरान अचानक गहरे गड्ढे में फंस जाने से वे बाहर नहीं निकल पाए और देखते ही देखते पांचों बच्चों की डूबकर मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
मृतकों की पहचान खंगुराडीह गांव निवासी मोहम्मद अनस (15) पुत्र मोहम्मद शहजाद, मोहम्मद हिदायतुल्ला (14) पुत्र मोहम्मद रेयाज, मोहम्मद हमजा अली (12) पुत्र कल्लू उर्फ मुस्तफा, मोहम्मद रहमान (12) पुत्र मोहम्मद अफताब और मोहम्मद अब्बू तालीम (12) पुत्री नर्गिस प्रवीण के रूप में की गई है। सभी बच्चे आपस में दोस्त थे और एक साथ नहाने गए थे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्णा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसकेएमसीएच) भेज दिया।
इस दर्दनाक हादसे से पूरे खंगुराडीह गांव और आसपास के इलाके में मातम पसर गया है। परिवारजन रो-रोकर बेहाल हैं और गांव के लोग सदमे में हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा और सहयोग देने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है।


