Bihar News : मोतिहारी: पूर्वी चंपारण जिले के मधुबन थाना क्षेत्र से साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मैट्रिमोनियल ऐप पर हुई दोस्ती एक युवक के लिए भारी पड़ गई। खुद को सिंगापुर की सॉफ्टवेयर इंजीनियर बताने वाली युवती ने पहले प्रेमजाल में फंसाया और फिर ऑनलाइन गेमिंग टास्क में निवेश का झांसा देकर 40 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली।
पीड़ित भारत भूषण प्रसाद ने साइबर थाना में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में बताया कि उनकी मुलाकात संगम मैट्रिमोनियल ऐप पर राधिका चौधरी नाम की युवती से हुई थी। दोनों के बीच व्हाट्सएप पर लगातार बातचीत होने लगी। युवती ने खुद को सिंगापुर की एक प्रतिष्ठित कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर बताया और भारत आने पर मिलने का वादा भी किया।
कुछ समय बाद युवती ने अपने एक भारतीय सहयोगी की मदद करने के नाम पर एक ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म का लिंक भेजा। उसने दावा किया कि इस प्लेटफॉर्म पर निवेश करने से कम समय में अच्छा मुनाफा मिलेगा। शुरुआत में छोटी रकम निवेश कराई गई और कुछ लाभ दिखाकर युवक का भरोसा जीत लिया गया।
इसके बाद अलग-अलग कारण बताकर लगातार बड़ी रकम जमा कराई जाने लगी। जब पीड़ित ने अपने पैसे निकालने की कोशिश की तो टैक्स, सिक्योरिटी डिपॉजिट, कंपनी के नियम और तकनीकी दिक्कतों का हवाला देकर और पैसे जमा कराने का दबाव बनाया गया। ठगों के झांसे में आकर युवक ने अपनी जमा पूंजी के अलावा बैंक लोन, मार्केट लोन और स्टॉक फंड तक निवेश कर दिए।
बैंक स्टेटमेंट के अनुसार 16 अलग-अलग ट्रांजैक्शन के माध्यम से कुल 40,00,919 रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर किए गए। बाद में जब कोई रकम वापस नहीं मिली तो पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन और संबंधित बैंक में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर थाना के इंस्पेक्टर मनीष कुमार ने बताया कि बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, वेबसाइट और डिजिटल ट्रांजैक्शन की तकनीकी जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
पीड़ित की शिकायत पर राधिका चौधरी, पंकज ठाकुर, गोकूल होटल, राजीव सिंह रालहन, शाह नूल अली, संत शरण, मुजावर इंटरप्राइजेज, एसएस इंटरप्राइजेज, एनएफ इंटरप्राइजेज और दानिश लियाकत शेख सहित कई लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस के अनुसार इन खातों का संबंध महाराष्ट्र, असम, दिल्ली, गुजरात, गाजियाबाद और नासिक समेत कई राज्यों से जुड़ा हुआ है।


