Patna News:– बिहार की राजधानी पटना में लंबे समय से लोगों को जिस मेट्रो रेल का इंतजार था, उसका सपना अब साकार होने जा रहा है। नगर विकास एवं आवास मंत्री जिवेश कुमार ने बुधवार को बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि इस महीने के अंत तक पटना मेट्रो रेल का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मेट्रो परियोजना के प्रथम चरण में प्राथमिक कॉरिडोर पर आईएसबीटी से मलाही पकड़ी तक 6.20 किलोमीटर लंबे रूट पर ट्रायल के बाद परिचालन शुरू होगा। इस रूट पर कुल पांच स्टेशन – आईएसबीटी, जीरो माइल, भूतनाथ, खेमनीचक और मलाही पकड़ी बनाए गए हैं।
मंत्री ने कहा कि आने वाले समय में फेज-2 के तहत बिहटा, एम्स और कई अन्य महत्वपूर्ण स्थानों को भी मेट्रो से जोड़ा जाएगा।
जिवेश कुमार बुधवार को आयोजित स्वच्छता ही सेवा–2025 कार्यक्रम में संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बिहार में 17 सितंबर से 29 अक्टूबर तक स्वच्छोत्सव मनाया जा रहा है। पिछले वर्षों की तुलना में बिहार के शहर अब स्वच्छता के क्षेत्र में देशभर में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि अगले एक वर्ष में बिहार पूरी तरह कचरा मुक्त राज्य होगा। वर्ष 2024 में केंद्र सरकार की रेटिंग में पटना और गया को थ्री-स्टार, जबकि भागलपुर और सुपौल को वन-स्टार रेटिंग मिली। साथ ही स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 में गंगा टाउन श्रेणी में पटना चौथे, भागलपुर 15वें, छपरा 19वें और मुंगेर 20वें स्थान पर रहा।
मंत्री ने कहा कि वर्ष 2011 में शहरी क्षेत्र में मात्र 3.26 लाख घरों को पेयजल उपलब्ध था, जबकि अब यह संख्या बढ़कर 29.68 लाख घरों तक पहुंच गई है। यह मुख्यमंत्री नल-जल योजना, अमृत योजना और शहरी पेयजल निश्चय योजना का परिणाम है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री सुरक्षित सुशासित शहर योजना के तहत सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। नगर निकायों में सम्राट अशोक भवन, आधुनिक शवदाह गृह और नदी तटों के विकास जैसी योजनाओं पर भी तेजी से काम हो रहा है।
मंत्री ने कहा कि शहरीकरण के बढ़ते दबाव के बावजूद राज्य सरकार आधुनिक सुविधाओं से लैस और स्वच्छ शहर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।


