Katihar News: लोक आस्था के महापर्व छठ के पहले दिन नहाय-खाय के अवसर पर गंगा स्नान के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की स्कॉर्पियो शुक्रवार तड़के भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। कटिहार-मनिहारी फोरलेन पर नारायणपुर कुतुबपुर के समीप सुबह करीब पांच बजे स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े बालू लदे ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसे में दंपती समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्ची और चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान कटिहार नगर थाना क्षेत्र के बैगना मोहल्ला निवासी शंभू सिंह (68), उनकी पत्नी उषा सिंह (65) और पड़ोस में रहने वाली मंजू रानी साहा के रूप में हुई है। बताया जाता है कि स्कॉर्पियो में सवार सभी छह लोग आपस में पड़ोसी थे और छठ पर्व के नहाय-खाय पर गंगा स्नान करने के लिए कटिहार से मनिहारी जा रहे थे।

झपकी आने से हुआ हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार, नारायणपुर कुतुबपुर के पास सड़क किनारे तकनीकी खराबी के कारण बालू लदा एक ट्रक खड़ा था। इसी दौरान स्कॉर्पियो चालक को कथित तौर पर झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर फंस गए।
ग्रामीणों ने चलाया राहत-बचाव अभियान
दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर मनिहारी थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। जांच के दौरान तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।
घायलों को तत्काल मनिहारी अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, कटिहार भेज दिया है।
पुलिस ने दोनों वाहनों को किया जब्त
मनिहारी थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो और बालू लदे ट्रक को जब्त कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। छठ जैसे पवित्र पर्व पर हुए इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है। वहीं, बैगना मोहल्ले में भी शोक का माहौल है।


