ग्रामीणों पर गोलीबारी कर फरार हुए थे एएसआई, हत्या के मामले में पुलिस कर रही थी तलाश; मौत की वजह जानने के लिए तीन डॉक्टरों का मेडिकल बोर्ड करेगा पोस्टमार्टम
Madhubani News: जिले में ग्रामीणों पर गोलीबारी कर फरार चल रहे सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) चंद्रमोहन सिंह का शव गुरुवार देर शाम बरामद किया गया। उनका शव बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ स्थित एक खेत के पास मिला। शव के पास से उनकी सर्विस पिस्टल, आधार कार्ड, मोबाइल फोन और लैपटॉप समेत कई सामान बरामद किए गए हैं। इस घटना के बाद जिले में चर्चित गोलीकांड ने नया मोड़ ले लिया है।

मधुबनी के एसएसपी योगेंद्र कुमार के अनुसार, एएसआई चंद्रमोहन सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की करीब 12 विशेष टीमों का गठन किया गया था। ये टीमें बिहार के विभिन्न जिलों के अलावा नेपाल सीमा से सटे इलाकों और दूसरे राज्यों में भी संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थीं।
गुरुवार शाम पुलिस को बाबूबरही इलाके के एक खेत में अज्ञात शव पड़े होने और उससे दुर्गंध आने की सूचना मिली। इसके बाद सदर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया।
आधार कार्ड, मोबाइल और लैपटॉप से हुई पहचान
पुलिस ने घटनास्थल की जांच के दौरान शव के पास से कपड़े, आधार कार्ड, मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य दस्तावेज बरामद किए। इन सामानों के आधार पर शव की पहचान फरार एएसआई चंद्रमोहन सिंह के रूप में की गई। जांच के दौरान शव के नीचे से उनकी सर्विस पिस्टल भी बरामद हुई।
पुलिस ने सभी सामानों को जब्त कर लिया है। बरामद सर्विस पिस्टल को बैलेस्टिक जांच के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसका इस्तेमाल किन परिस्थितियों में हुआ था।
तीन डॉक्टरों का मेडिकल बोर्ड करेगा पोस्टमार्टम
फिलहाल एएसआई की मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव की इनक्वेस्ट रिपोर्ट तैयार की जा रही है। वहीं, तीन डॉक्टरों का मेडिकल बोर्ड पोस्टमार्टम करेगा। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
तीन नवंबर को ग्रामीणों पर की थी अंधाधुंध फायरिंग
इस पूरे मामले की शुरुआत तीन नवंबर की रात हुई थी। बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव में ग्रामीणों ने कथित तौर पर एएसआई चंद्रमोहन सिंह को एक युवती के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसको लेकर ग्रामीणों ने विरोध किया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि एएसआई ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से ग्रामीणों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी।
इस गोलीबारी में अशोक यादव नामक ग्रामीण की मौत हो गई थी, जबकि धनिकलाल यादव, फूलो देवी और विजेंद्र यादव घायल हो गए थे। घटना के बाद एएसआई मौके से फरार हो गए थे। इसके बाद पुलिस ने उनके खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए अभियान शुरू किया था।
गिरफ्तारी पर घोषित इनाम भी बढ़ाया गया था
फरार एएसआई की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने पहले 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। बाद में इसे बढ़ाकर दो लाख रुपये कर दिया गया था। उनकी तलाश में विशेष पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही थीं। इसी बीच उनका शव मिलने से पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई है।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और सर्विस पिस्टल की बैलेस्टिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। इन रिपोर्टों के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि एएसआई चंद्रमोहन सिंह की मौत किन परिस्थितियों में हुई।


