Nawada News: जिले के रजौली चेकपोस्ट पर जांच व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। सोमवार को एक बड़ी घटना ने यहां की सुरक्षा और जांच प्रक्रिया की पोल खोलकर रख दी। जानकारी के अनुसार, बिहार–झारखंड सीमा पार करने के कुछ ही दूरी पर एक स्कॉर्पियो वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गई, जिसमें भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
यह घटना सोमवार दोपहर करीब तीन बजे रजौली ओवरब्रिज के पास बीएसएनएल कार्यालय के सामने हुई। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो (संख्या BR 01JP 3789) चेकपोस्ट से जांच के बाद आगे बढ़ी थी, लेकिन कुछ ही दूरी पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के तुरंत बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, वाहन के पीछे एक अन्य गाड़ी भी चल रही थी, जिसमें बैठकर चालक भागने में सफल रहा।
सबसे हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब लेकर जा रहा वाहन चेकपोस्ट की जांच से कैसे बच निकला। इससे जांच चौकी पर तैनात अधिकारियों और कर्मियों की भूमिका पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चेकपोस्ट पर सिर्फ औपचारिक जांच की जाती है और अवैध कारोबार को रोकने में लापरवाही बरती जाती है। कुछ लोगों ने यह भी दावा किया कि “सेटिंग” के जरिए ऐसे वाहनों को आसानी से पार करा दिया जाता है।
घटना की सूचना मिलते ही रजौली थाना अध्यक्ष रंजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि, इस मामले ने जिले के उत्पाद विभाग और प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।
समाजसेवी दिनेश अकेला ने इस मामले को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि चेकपोस्ट से होने वाली अवैध कमाई में कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं, जिसके कारण शराब तस्करी को संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने इस पूरे मामले की राज्य स्तरीय टीम से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और वे दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो इस तरह के अवैध कारोबार और बढ़ सकते हैं, जिससे कानून व्यवस्था पर भी असर पड़ेगा।


