Patna News:- बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर सियासत गरमा गई है। आरजेडी नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के चुनाव बहिष्कार की संभावना जताने वाले बयान पर जदयू नेता और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने तीखा पलटवार किया है। ललन सिंह ने फेसबुक पर लिखा, “तेजस्वी यादव ने पहले ही अपनी हार स्वीकार कर ली है। उन्हें यह समझ आ गया है कि जनता अब उनके बहकावे में नहीं आने वाली। जब निर्वाचन आयोग एसआईआर के माध्यम से वास्तविक भारतीय नागरिकों की पहचान सुनिश्चित करना चाहता है, तब उन्हें दिक्कत क्यों हो रही है?”
उन्होंने तेजस्वी पर तंज कसते हुए कहा कि अगर कोई नागरिक वैध है, तो उसे डरने की जरूरत नहीं। चुनाव बहिष्कार की बात करना यह साबित करता है कि तेजस्वी अब खुद को हारता हुआ देख रहे हैं और उनकी बौखलाहट सामने आ रही है।
ललन सिंह ने एक वीडियो भी शेयर किया जिसमें उन्होंने कहा, “जब तक नकली वोटर रहेगा, तभी तेजस्वी जैसे लोग चुनाव जीतेंगे। जब जालसाजी पकड़ी गई, तो अब चुनाव से भागने की बातें कर रहे हैं। जनता को भ्रम में रखने की ये आखिरी कोशिश है।”
तेजस्वी यादव ने इससे पहले कहा था कि बिहार विधानसभा चुनाव में भाग न लेने का विकल्प खुला है और वे अन्य विपक्षी दलों से इस मुद्दे पर बात करेंगे।
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची से फर्जी नाम हटाने की प्रक्रिया चल रही है, जिस पर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है।


