तेजस्वी और चिराग ने की आलोचना, कहा- अन्नदाता को हत्यारा बताना दुर्भाग्यपूर्ण
Patna News:- बिहार पुलिस के एडीजी हेडक्वार्टर कुंदन कृष्णन द्वारा किसानों को लेकर दिए गए विवादित बयान ने जोरदार राजनीतिक और सामाजिक बवाल खड़ा कर दिया है। बयान में उन्होंने कहा था कि अप्रैल से जून के बीच ज्यादा हत्याएं इसलिए होती हैं क्योंकि किसानों के पास काम नहीं होता और जब तक बरसात नहीं होती, वे व्यस्त नहीं रहते। इस टिप्पणी को कई राजनीतिक दलों और आम जनता ने किसानों का अपमान बताया।
बयान को लेकर आलोचना तेज हुई, जिसके बाद शनिवार को ADG कुंदन कृष्णन ने सफाई देते हुए किसानों से माफी मांगी है। उन्होंने कहा, “अगर मेरे बयान से किसी किसान भाई की भावनाएं आहत हुई हैं तो मैं खेद प्रकट करता हूं। मेरा उद्देश्य कभी भी किसानों का अपमान करना नहीं था। मैं खुद किसान परिवार से हूं और खेती से जुड़ा रहा हूं।”
उन्होंने आगे कहा कि अपराधों के पीछे जिम्मेदार केवल अपराधी होते हैं, न कि कोई समाज, वर्ग या पेशा। किसानों को लेकर उनके मन में गहरा आदर है और वे देश के अन्नदाता हैं।
इस विवाद पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि दोष मौसम का नहीं, सिस्टम का है। इस तरह के बयानों से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठता है।
वहीं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि अन्नदाता को हत्यारा बताना उनके त्याग और सम्मान का अपमान है। उन्होंने बिहार पुलिस से प्राथमिकता तय करने की मांग की।
अब देखना होगा कि ADG के इस माफीनामे के बाद मामला शांत होता है या सियासी हलचल और बढ़ती है।

