Koderma News: झुमरीतिलैया के धार्मिक इतिहास में सोमवार का दिन हमेशा के लिए यादगार बन गया। अंतरराष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) के तत्वावधान में पहली बार भगवान श्री जगन्नाथ, उनके बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की भव्य रथयात्रा निकाली गई। इस ऐतिहासिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और भगवान के रथ को खींचकर स्वयं को धन्य महसूस किया। पूरे शहर में हरिनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन और “जय जगन्नाथ” के जयघोष से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
रथयात्रा का शुभारंभ सुभाष चौक से हुआ, जहां कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष शालिनी गुप्ता तथा भाजपा जिलाध्यक्ष अनूप जोशी ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद भगवान के रथ को खींचकर यात्रा की शुरुआत की। इसके बाद रथ स्टेशन रोड, झंडा चौक, पूर्णिमा टॉकीज, काली मंदिर, महाराणा प्रताप चौक और मौसीबाड़ी होते हुए संकट मोचन मंदिर पहुंचा। यात्रा मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान की आरती उतारी, पुष्पवर्षा की और जयघोष के साथ रथयात्रा का स्वागत किया।
रथयात्रा का सबसे बड़ा आकर्षण लगभग 40 फीट ऊंचा अत्याधुनिक रथ रहा। विशेष तकनीक से निर्मित इस रथ की ऊंचाई आवश्यकता पड़ने पर 16 फीट तक कम की जा सकती थी। करीब 12 फीट चौड़े इस रिमोट संचालित रथ को जापानी सिल्क से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। रथ के शीर्ष पर सुदर्शन चक्र और आगे लगे चार घोड़ों की प्रतिकृति इसकी भव्यता को और भी आकर्षक बना रही थी। रथ के दोनों ओर लगी लंबी रस्सियों को हजारों श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक खींचा।
इस्कॉन हजारीबाग के कोऑर्डिनेटर डॉ. केशव आनंद दास ने कहा कि कोडरमा की पवित्र भूमि पर पहली बार भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकलना सौभाग्य और गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में यह आयोजन और अधिक भव्य रूप में आयोजित होगा।
विधायक डॉ. नीरा यादव ने इसे पूरे जिले के लिए ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि भगवान जगन्नाथ सभी श्रद्धालुओं के जीवन में सुख, समृद्धि और शांति का संचार करें। वहीं, शालिनी गुप्ता ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि समाज में प्रेम, सेवा और एकता का संदेश देने वाला महापर्व है।
रथयात्रा की सुरक्षा और सेवा व्यवस्था में विश्व हिन्दू परिषद, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सहित कई सामाजिक संगठनों ने सक्रिय भूमिका निभाई। रोटरी क्लब, गायत्री परिवार, प्रेरणा शाखा, अनिता यादव वेलफेयर फाउंडेशन और वैश्य हलवाई समाज सहित कई संस्थाओं ने श्रद्धालुओं के लिए शरबत, पेयजल, खिचड़ी प्रसाद तथा पुष्पवर्षा की व्यवस्था की। पहली बार आयोजित इस भव्य रथयात्रा ने पूरे कोडरमा जिले को भक्ति, श्रद्धा और उत्साह के रंग में रंग दिया।
इस खबर को भी पढ़ें : 11 हजार वोल्ट लाइन से टकराया रथ, खूंटी में दो छात्रों की मौत, सात घायल


