Ranchi News: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्र सरकार के खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम-2026 को लेकर कड़ा विरोध जताया है। गुरुवार को झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में मुख्यमंत्री ने इस संशोधन कानून के खिलाफ सरकार की ओर से संकल्प पेश किया। उन्होंने कहा कि इस कानून के लागू होने से झारखंड को प्रतिवर्ष करीब 13 हजार करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हो सकता है। इसका सीधा असर राज्य की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों पर पड़ेगा।
संविधान दिवस के अवसर पर सदन को शुभकामनाएं देने के बाद मुख्यमंत्री ने खान एवं भूतत्व विभाग के प्रभारी मंत्री के रूप में यह संकल्प पेश किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से 17 अगस्त 2026 को अधिसूचित एमएमडीआर संशोधन अधिनियम के माध्यम से राज्यों के खनिज अधिकारों और खनिजयुक्त भूमि पर कर, उपकर तथा सेस लगाने की शक्तियों को सीमित कर दिया गया है। इतना ही नहीं, पहले से लगाए गए करों के बकाये और वसूली से संबंधित दावों को भी अमान्य कर दिया गया है।

महिला सशक्तिकरण और सामाजिक योजनाओं पर पड़ेगा असर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सालाना 13 हजार करोड़ रुपये के संभावित राजस्व नुकसान से राज्य की आर्थिक स्थिति प्रभावित होगी। इससे सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और अन्य कल्याणकारी योजनाओं के लिए वित्तीय संसाधन जुटाना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि खनिज संपदा से होने वाली आय का लाभ उन लोगों तक पहुंचना चाहिए, जो खनन गतिविधियों के कारण सबसे अधिक प्रभावित होते हैं।
खनन प्रभावित आदिवासी समुदायों के अधिकारों का उठाया मुद्दा
हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड देश के प्रमुख खनिज संपन्न राज्यों में शामिल है। यहां के अधिकांश खनन क्षेत्रों में अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति और आदिम जनजाति के लोग रहते हैं। खनन के कारण इन समुदायों को विस्थापन, जमीन से बेदखली, पर्यावरण प्रदूषण और सामाजिक-सांस्कृतिक बदलाव जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि खनिज संपदा से मिलने वाले आर्थिक लाभ का एक हिस्सा खनन प्रभावित क्षेत्रों के सामाजिक और आर्थिक विकास पर खर्च होना चाहिए। यह सरकार का नैतिक और संवैधानिक दायित्व है।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले का भी किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने सुप्रीम कोर्ट के मिनरल एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी बनाम स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड मामले में दिए गए फैसले का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्यों को खनिजयुक्त भूमि पर कर लगाने का संवैधानिक अधिकार प्राप्त है।
उन्होंने बताया कि इसी आधार पर झारखंड विधानसभा ने झारखंड मिनरल बेयरिंग लैंड सेस विधेयक-2024 पारित किया था। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस कानून से राज्य को प्रतिवर्ष लगभग 13 हजार करोड़ रुपये का राजस्व मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि नए केंद्रीय संशोधन से राज्यों के वित्तीय अधिकार कमजोर होंगे और खनन प्रभावित आदिवासी, दलित एवं पिछड़े समुदायों के विकास कार्य प्रभावित होंगे। झारखंड जैसे खनिज संपन्न राज्य के हित में खनिज राजस्व पर राज्यों के अधिकार सुरक्षित रहना जरूरी है।


