15 दिनों में दूसरी बार हजारीबाग में ईडी की कार्रवाई
Hazaribag News:- हजारीबाग जिले में एक बार फिर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने दबिश दी है। यह कार्रवाई जिला खनन कार्यालय में चल रही है, जहां चार सदस्यीय ईडी टीम पिछले चार घंटे से दस्तावेजों की जांच-पड़ताल में जुटी है। टीम वहां मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों से भी पूछताछ कर रही है।
यह ईडी की पिछले 15 दिनों में दूसरी कार्रवाई है। इससे पहले हजारीबाग के सात अलग-अलग ठिकानों पर ईडी की रेड पड़ी थी, जिसमें पूर्व मंत्री योगेंद्र साव के आवास पर भी छापेमारी की गई थी। अब खनन विभाग में दस्तावेजों की जांच और पूछताछ के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि यह मामला अवैध खनन से जुड़ा हो सकता है।
सूत्रों की मानें तो ईडी की यह कार्रवाई योगेंद्र साव के पुत्र सुमित साव के व्यवसाय से संबंधित हो सकती है, जो बालू (रेत) के कारोबार से जुड़े हैं। ऐसे में खनन विभाग में दस्तावेजों की पड़ताल करना इस ओर इशारा करता है कि जांच एजेंसी अवैध खनन और उससे जुड़े लेन-देन की जानकारी जुटा रही है।
खनन विभाग में ईडी टीम की मौजूदगी से जिला प्रशासन में हलचल है। फिलहाल ईडी की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन उच्च सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, टीम को कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज हाथ लगे हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
ज्ञात हो कि झारखंड में अवैध खनन को लेकर पिछले कुछ समय से ईडी सक्रिय है और इससे जुड़े कई नेताओं, अधिकारियों और कारोबारियों की भूमिका जांच के घेरे में है।


