Patna News:- बिहार की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। जन सुराज अभियान के सूत्रधार प्रशांत किशोर (PK) ने राजधानी पटना में आरजेडी-जेडीयू गठबंधन सरकार पर जोरदार हमला बोला है। बुधवार को जन सुराज पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को एक ज्ञापन सौंपने के लिए विधानसभा पहुंचे, लेकिन उन्हें पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर पहले ही रोक दिया।
हालात तब बिगड़े जब प्रशांत किशोर के नेतृत्व में समर्थक बैरिकेड तोड़ने लगे। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया, जिसमें एक कार्यकर्ता घायल हो गया। इसके बाद PK ने तीखे शब्दों में कहा, “हमें मुख्यमंत्री से मिलने नहीं दिया जा रहा। चुनाव में अभी तीन महीने बचे हैं, लेकिन हम राजग सरकार का जीना हराम कर देंगे। बिहार की जनता बदलाव चाहती है।”
उन्होंने दावा किया कि पिछले दो वर्षों में सरकार ने 94 लाख गरीब परिवारों को 2-2 लाख रुपये देने का वादा किया था, लेकिन अब तक किसी को एक रुपया तक नहीं मिला। PK ने यह भी कहा कि उन्होंने एक करोड़ लोगों के हस्ताक्षर वाला ज्ञापन तैयार किया है, जिसे सरकार तक पहुँचाना चाहते हैं।
घटनास्थल पर प्रशांत किशोर ने चेतावनी भरे लहजे में कहा, “हम यहीं बैठेंगे जब तक मुख्यमंत्री या कोई प्रतिनिधि हमसे मिलने नहीं आता। यह लड़ाई अभी शुरू हुई है। नीतीश कुमार को उनके घर में घेरेंगे। पुलिस प्रशासन कुछ नहीं कर पाएगा। एक लाख लोगों के साथ फिर आएंगे।”
इस मौके पर जन सुराज से जुड़े मनीष कश्यप ने कहा कि भूमिहीनों को जमीन और युवाओं को रोजगार देने के वादे भी अधूरे हैं। उन्होंने दावा किया कि तीन से चार महीने में राज्य की तस्वीर बदल देंगे।


