Patna News:- राजधानी पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित पुलिस लाइन में बुधवार देर रात एक सिपाही द्वारा आत्महत्या किए जाने की दुखद घटना सामने आई है। मृतक सिपाही की पहचान अशोक कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो भोजपुर जिले के मूल निवासी थे और वर्तमान में पुलिस लाइन में चालक पद पर तैनात थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अशोक कुमार सिंह ने अपने सरकारी क्वार्टर में पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी (लॉ एंड ऑर्डर-1) कृष्ण मुरारी प्रसाद तथा बुद्धा कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल की फॉरेंसिक जांच के लिए एफएसएल की टीम भी बुलाई गई।
डीएसपी ने बताया कि शव को फंदे से लटकता पाया गया और प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।
परिवार से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अशोक कुमार सिंह अपनी पत्नी और दो बेटों के साथ रहते थे। पत्नी दो दिन पहले गांव गई थीं, और घटना के समय उनका बड़ा बेटा अजीत भी किसी काम से बाहर था। घर में अकेले होने के दौरान अशोक ने यह कठोर कदम उठाया।
पुलिस का कहना है कि अशोक अपने छोटे बेटे रंजीत के प्रेम विवाह से मानसिक रूप से व्यथित थे। रंजीत ने दो माह पहले बिना पिता की सहमति के शादी कर ली थी, जिससे परिवार में तनाव का माहौल बन गया था।
फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।


