Bhagalpur News:- जिले के लोदीपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां जमीन विवाद को लेकर एक युवक ने अपने ही सगे भाई की चाकू मारकर हत्या कर दी। यह वारदात कोहड़ा सरमसपुर गांव की है। मृतक की पहचान सुजीत कुमार के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह सुजीत अपने घर पर किसी काम में व्यस्त था, तभी उसका छोटा भाई सुमित कुमार वहां पहुंचा और अचानक चाकू से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। खून से लथपथ हालत में सुजीत को परिजनों ने तुरंत मायागंज अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों और गांव वालों का कहना है कि सुजीत के पास बाईपास इलाके में एक जमीन थी, जिसे लेकर दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। सुमित उस जमीन को बेचने का दबाव बना रहा था, लेकिन सुजीत इसके लिए तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनातनी बढ़ती गई और अंत में यह हिंसक रूप में सामने आई।
हैरानी की बात यह है कि हत्या करने के बाद आरोपी भाई सुमित कुमार खुद लोदीपुर थाना पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। उसने पुलिस के सामने अपना गुनाह कबूल कर लिया है।
फिलहाल पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने गांव में सनसनी फैला दी है और ग्रामीणों के बीच गहरा आक्रोश है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सुजीत के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


