प्यार या ब्लैकमेल? एएनएम पत्नी के भागने पर हंगामा, पति-पत्नी दोनों ने लगाए बड़े आरोप
Khagaria News:- जिले के परबत्ता नगर पंचायत से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी को पढ़ा-लिखाकर एएनएम की नौकरी दिलाई, लेकिन नौकरी मिलने के बाद पत्नी अपने प्रेमी संग फरार हो गई। मामला नगर पंचायत के विनोद कुमार से जुड़ा है, जो पेशे से दुकानदार हैं। विनोद ने अपनी पत्नी श्वेता प्रिया को पढ़ाया, एएनएम की ट्रेनिंग दिलाई और नौकरी तक पहुंचाया, लेकिन अब वही पत्नी पति और तीन बच्चों को छोड़कर अपने प्रेमी संजय कुमार संग भाग गई है।
पीड़ित पति विनोद कुमार ने परबत्ता थाना में आवेदन देकर बताया कि श्वेता प्रिया संविदा पर गोगरी अस्पताल में कार्यरत है। नौकरी के बाद वह परबत्ता के अलेक्स सेवा सदन नामक अवैध क्लिनिक में काम करने लगी, जहां उसकी नजदीकियां संजय कुमार से बढ़ीं। बाद में जिला प्रशासन ने क्लिनिक को सील कर दिया। विनोद का आरोप है कि संजय कुमार ने उनकी पत्नी को ब्लैकमेल किया और निजी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर फरार हो गया। विनोद ने बताया कि पत्नी घर से जेवरात और ₹1 लाख नगद लेकर भाग गई है।
हालांकि, फरार पत्नी श्वेता प्रिया ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल कर पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वीडियो में श्वेता ने कहा कि पति और घर के अन्य सदस्य उसे प्रताड़ित करते थे और जान से मारने की धमकी दी जाती थी। वह अपनी जान बचाने के लिए घर छोड़कर गई है और कोई सामान लेकर नहीं भागी है। अब पति और पत्नी के आरोप-प्रत्यारोप से यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।


