Jharkhand News: झारखंड के गिरिडीह जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। दिल्ली-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग पर डुमरी थाना क्षेत्र के कुलगो टोल प्लाजा के समीप तीन मालवाहक ट्रकों की आपस में भीषण टक्कर हो गई, जिसके बाद उनमें आग लग गई। इस हादसे में दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुलगो के पास पहले से दो ट्रक सड़क किनारे खड़े थे। इन ट्रकों में चालक और खलासी आराम कर रहे थे। इसी दौरान बगोदर की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक पीछे से आकर खड़े ट्रकों से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों ट्रकों में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
बताया जा रहा है कि ट्रकों में कोयला और गुड़ लदा हुआ था, जो आग फैलने का कारण बना। आग इतनी तेजी से फैली कि ट्रकों में सो रहे चालक और खलासी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। घटना के बाद स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस व प्रशासन को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची दमकल विभाग की तीन गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जब आग की लपटें कम हुईं, तब एक ट्रक से दो जले हुए शव बरामद किए गए। प्रारंभिक तौर पर मृतकों की पहचान चालक और उपचालक के रूप में की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही डुमरी के एसडीएम सुमित कुमार, एसडीपीओ और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इंस्पेक्टर राजेंद्र कुमार ने बताया कि आग लगने के सही कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। हालांकि, प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि गुड़ लदे ट्रक में खाना बनाने के लिए रखा गया गैस सिलेंडर फटने से आग भड़की होगी।
पुलिस अब ट्रकों के चेसिस नंबर के आधार पर वाहनों की पहचान करने में जुटी है, ताकि मृतकों की शिनाख्त की जा सके। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लापरवाही के गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


