Jharkhand News : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन शनिवार को अपनी पत्नी एवं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन के साथ तमाड़ स्थित प्रसिद्ध सोलहभुजी मां दिउड़ी मंदिर पहुंचे। झारखंड के प्रमुख शक्तिपीठों में शामिल इस मंदिर में मुख्यमंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार माता रानी के दरबार में मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक माहौल देखने को मिला। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक पुरोहित मनोज पंडा एवं मुख्य पाहन सुखराम ने पूजा-संपन्न कराई। मुख्यमंत्री और विधायक कल्पना सोरेन ने श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ मां दिउड़ी की आराधना की।
मुख्यमंत्री के मंदिर पहुंचने की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों और क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण मंदिर परिसर में जुट गए। लोगों में मुख्यमंत्री को अपने बीच देखकर खासा उत्साह देखा गया। कई लोगों ने मुख्यमंत्री का अभिवादन किया और उनके साथ मुलाकात भी की।
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत राज्य की पहचान है। उन्होंने कहा कि मां दिउड़ी मंदिर न केवल श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है, बल्कि यह प्रदेश की सांस्कृतिक परंपराओं को भी सहेजने का कार्य कर रहा है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा की अनुभूति होती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार झारखंड की सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहरों के संरक्षण एवं विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। मां दिउड़ी मंदिर जैसे ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों का महत्व पूरे राज्य के लिए विशेष है। उन्होंने सभी राज्यवासियों के सुखद भविष्य, बेहतर स्वास्थ्य और समृद्ध जीवन की कामना करते हुए माता रानी से आशीर्वाद मांगा।
उल्लेखनीय है कि तमाड़ स्थित मां दिउड़ी मंदिर झारखंड के सबसे प्रसिद्ध शक्तिपीठों में गिना जाता है। यहां वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। मुख्यमंत्री के इस दौरे को धार्मिक आस्था और राज्य की सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।


